Tuesday, August 3, 2010

तेरा पहलू, तेरे दिल की तरह आबाद रहे


उसने एक बार फिर मेरा फोन नहीं उठाया। पिछले डेढ़ दो महीने से ऐसा लगातार हो रहा है। इससे पहले दिन में तीन बार फोन करके कहती थी, यार फलां इज़ ए बास्‍टर्ड... उसने मुझे ये कहा, वो कहा। मेरा मूड खराब है यार, ये लोग ऐसे क्‍यों हैं, वैसे क्‍यों नहीं हैं। खुलेआम कहती थी, एक दिन तुम सबको लात मारकर भाग जाऊंगी और कभी पलटकर देखूंगी भी नहीं । कभी उदास होकर ये भी कहती, यार मेरी जिंदगी में कोई ऐसा आदमी कब आएगा जो मेरे प्‍यार को समझ सकेगा। अपने नए पुराने प्रेमियों को कोसते हुए हमारे बीच गालियों का एक लंबा सेशन चलता था। गालियां उन सारे पुरुषों के लिए होती थीं जिनसे या तो हमें कोई शिकायत थी या फिर जिन्‍होंने हमारा कुछ बिगाड़ा हो। हां कई बार कोई ऐसा भलामानुस भी गा‍ली खा जाता था जिसने हमारे चाहने के बावजूद हमारी तरफ न देखने की गुस्‍ताख़ी की हो।
दिल की सारी भड़ास निकालने के बाद भी उसे नींद नहीं आती। तीन चार बजने के बाद उसे जबर्दस्‍ती फोन रखने के लिए कहने पर सुनने को मिलता था, जा यार तू भी बेवफा है, साली पूरी दुनिया एक जैसी है।
देर रात होने वाली हमारी बातचीत में से ज्‍यादातर वक्‍़त मैं ख़ुद को समझदार और उसे नासमझ जताते हुए टिप्‍स देने में बिताने की कोशिश करती और ये लड़की इस‍ फिराक में रहती कि कैसे मुझे इस बात के लिए कन्विंस कर ले‍ कि हम लड़कियों को सुखी रहने के लिए flirt करना आना ही चाहिए। सच कहूं तो उसकी बातों से कई बार सहमत होते हुए भी मैं इसलिए असहमत रह जाती थी कि इसके सामने मेरी इमेज का कचरा न हो जाए। उसे एक ऐसी भोली बच्‍ची समझती थी जो दुनिया की भीड़ में भटकी हुई है, कभी वो खुद को चालाक दिखाने के फेर में गड़बड़ करती है तो कभी जबर्दस्‍ती दूसरों को इम्‍प्रेस करने के चक्‍कर में वक्‍त गंवाती है। अपनी जिम्‍मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाने के चक्‍कर में कई बार उस पर ज्‍़यादती करते हुए मैं ये भी भूल जाती थी कि मेरा फोन रखते ही वो सबसे पहला काम उन्‍हीं लोगों को फोन करने का करेगी जिनके खिलाफ़ मुझसे समझाइश ले रही है।
तो साहब, घंटों बतियाने के बाद अब ये लड़की अचानक चुप हो गई है। ज्‍यादातर वक्‍त फो़न उठाती ही नहीं। कभी उठा भी ले तो जवाब मिलता है, डार्लिंग मैं कॉलबैक करती हूं। ऐसी शिकायत सिर्फ मेरी नहीं कई लोगों की है। कोई बता रहा था कि अक्‍सर वो  ग़ायब रहने लगी है। जो लोग उसके ड्रेसिंग सेंस और ऊंची आवाज़ पर हमेशा कमेंट किया करते थे आजकल बिल्‍कुल बेरोजगार टाइप सूरत बनाकर बैठे रहते हैं। single  बैडरूम flat में अकेले रहने वाली इस आफत को यूं चुपचाप बकरी की तरह मिमियाते हुए देखने वाले आंखें चौडी़ हो रही हैं।
इन सबको पता नहीं कि क्‍या हुआ है, लेकिन मैं जानती हूं ये लड़की फिर से गिरफ़तार है इश्‍क़ में। हज़ार बार तौबा करने के बाद एक बार फिर सब्‍ज़परी और गुलफ़ाम की कहानियों में मशगूल है। तीन दिन पहले दो मिनट की बातचीत में उसने कहा नहीं यार ऐसा कुछ नहीं है। मुझे मालूम है वो झूठ बोल रही है, लेकिन इस बार मैं उसे कुछ समझाना या डांटना नहीं चाहती बल्कि ये कह देना चाहती हूं कि, ऐ छोकरी ये लड़का जो भी हो उसे अपनी जिंदगी में आने की इजाजत सिर्फ तब देना जब वो सचमुच तेरे साथ रहना चाहता हो।  इस बार मैं बिल्‍कुल तेरी कोई बात सुनने के मूड में नही हूं। न तो मैं तेरे साथ किसी गाली सेशन में शामिल होने वाली हूं और न ही तेरे टूटे दिल को सहलाने की फुर्सत मेरे पास है। गो एंड गैट मैरिड यार। ताकि फिर कभी तुझे रात के तीन बजे फोन करके मुझसे ये न कहना पड़े...I am drunk yaar, वो साला चला गया मुझे छोड़कर। How cud he ...how cud he...?
_________________________________
I wish all the best to u dear ...
तेरा पहलू तेरे दिल की तरह आबाद रहे
तुझपे गुज़रे न क़यामत शबे तन्‍हाई की।

(parveen shakir )
_________________________________

Monday, August 2, 2010

अपने ही घर में दाखि़ल होते हुए

इसे कोताही ही कहा जाना चाहिए। क्‍या एक्‍सक्‍यूज हो सकता है इस बात का आपने महीनों तक अपने ही घर में आने की ज़रूरत नहीं समझी। दीवारें शिकायत कर सकती हैं, और यक़ीनन उनकी बातों का जवाब भी देना मुश्किल हो जाएगा। खै़र हमेशा की तरह इस बार भी ये कह देने में तो कोई हर्ज नहीं कि आगे से ऐसा नहीं होगा और हम इस ब्‍लॉग पर रेगुलर पोस्‍ट लिखते रहेंगे। वैसे मुझे डर है कि लोगों ने इस घर के दरवाजे़ बंद देखकर ये फैसला तो कर ही लिया होगा कि इसमें रहने वाले कहीं और चले गए हैं।
चलिए अपने ही घर में एक बार फिर दाखि़ल होकर देखते हैं.........दरवाज़ा यूं भी सिर्फ भिड़ाया हुआ था बंद नहीं था।

Thursday, March 11, 2010

यही होता है, तो आखि़र यही होता क्‍यों है ...

मुझे लगा था,  वो जा चुकी है...हमेशा के लिए।
इतने दिनों के मौन ने काफी तसल्‍ली दी थी, और मैंने इस बीच कई कवियों को पूरा पढ़ डाला। इस बात को तक़रीबन भूलते हुए कि मैं अब भी उससे उतना ही प्रेम करता हूं, पहले दिन जितना। लेकिन इसके बावजूद मैं कह सकता था ....प्रेम, सचमुच मुझे मालूम नहीं।

प्रेम से मुक्ति का अहसास, ओह-उसका चला जाना कितना सुकून दे सकता है। कुर्सी पर सिर टिकाकर आंख बंद करता हूं... और वो अचानक नमूदार होकर कहती है-
चलो, ज़रा प्‍यार भरी बातें करो मुझसे...। रात भर बुरे सपनों ने डराए रखा। मेरा मूड ठीक करो।
कहे चली जाती है-

माथा चूमने पर
मिट जाती हैं सब चिन्ताएँ 


चलो मेरा माथा चूमो....

आँखें चूमने पर
दूर हो जाता है निद्रा-रोग-

चलो मेरी आंखें चूमो

होंठ चूमने पर
बुझ जाती है प्यास-

चलो मेरे होंठ चूमो

मैं बंद आंख और खुले कान से पूरी बात सुन रहा हूं। समझ सकता हूं कि इस वक्‍़त उसके चेहरे पर वही कहानी होगी जिससे मैं सबसे ज्‍़यादा डरता हूं। शर्तिया कह सकता हूं कि इसके ठीक तीन मिनट बाद वो साजि़शाना हंसी हंसेगी।
मैं न कह दूंगा और वो अपनी बद-दुआओं का झोला मेरे मुंह पर खोल देगी। मेरी सात पुश्‍तें पनाह मांगेगी और वो बिना थके बके चली जाएगी।
यही होता है हमेशा। इस बार भी प्‍यार भरी बातें नहीं कर पाया। सपाट जवाब देते हुए मैंने कहा-चुप रहो और जाकर अपना काम करो, हालांकि उसके ढीठ होने के हज़ार कि़स्‍से मेरे दिमाग़ में दस्‍तक देते हुए कह रहे थे-निपटा दो यार, दो चार बातें कहो और कल्‍टी मार लो।

उससे कुछ देर पहले मैं पढ़ रहा था...
होल्‍ड मी...कम्‍फर्ट मी
....................
होल्‍ड मी टु योर ब्रेस्‍ट,
मुझे पता है, उसके फरिश्‍ते भी नहीं जान सकते कि सादी युसुफ कौन हुए, कहां से गुज़रे और क्‍यों लिख गए ऐसी कविताएं। इसके आने से ठीक पहले मैं उस दोस्‍त के फोन का इंतज़ार कर रहा था जो मुझे एक लंबी कविता सुनाने वाला है।
वो फिर कहती है-सुना नहीं तुमने...किस मी नाउ...खराब ख्‍वाबों के बाद, भयानक दुख में हूं।

ओह...तो कांटा यहां गड़ा है, फिर से किसी ऐसे सपने का सीन सुनना होगा जिसमें एक नवजात की मौत या उसके गले की नसें खिंच जाने तक की भूख का मामला होगा, या पानी में डूबती एक बच्‍ची की कहानी। ये भी हो सकता है कि वो किसी अजन्‍मे बच्‍चे का जन्‍मदिन न मना सकने पर मेरा गिरेबान पकड़ ले। लेकिन, ऐसा कुछ सुनने के मूड में बिल्‍कुल नहीं हूं मैं। साफ कहता हूं-प्‍लीज, गो एंड लीव मी अलोन।
वो मुड़ रही है, मुझे लगता है चली जाएगी।  दम साधे उसके बिना मुड़कर चले जाने का इंतजार करता हूं।
जारी:::::


नोट-बोल्‍ड लाइनें मरीना की कविता से। photo google.

Wednesday, December 23, 2009

प्रेम भटकने नहीं देता

एक गडरिए ने अपनी सभी भेड़ों को चराने के बाद बाड़े में लाकर बंद कर दिया, सिवाय भेड़ के एक बच्‍चे के। जिसे वह कंधे पर बिठाकर लाया था। उसने उसे नहला-धुलाकर हरी घास खिलाई। उक्‍त नजारे को पास ही एक पेड़ के नीचे बैठे ईसा मसीह अपने शिष्‍यों सहित देख रहे थे। अंतत उन्‍होंने गडरिए से ऐसा करने का कारण पूछा, तो गडरिए ने उत्‍तर दिया-यह रोज भटक जाता है, इसलिए इसे इतना प्रेम देता हूं कि वह फिर से न भटके। यह सुनकर ईसा मसीह ने अपने शिष्‍यों से कहा-प्रेम के अभाव में ही लोग भटकते हैं और भटके हुए लोग प्रेम से ही रास्‍ते पर आते हैं, यह तुम गडरिए से सीखो।

...............................................


कितनी सुंदर बात यहां कितनी सादगी से कही गई है। इस मासूम से प्रसंग को 23 दिसंबर के दिन दैनिक भास्‍कर की साप्‍ताहिक पत्रिका मधुरिमा में पढ़ा। यहां बांटने से खुद को रोक नहीं पाई क्‍योंकि प्रेम के इतने सादे और सुंदर भाव बांटने के लिए ही होते हैं। वैसे सोचो तो प्रेम मेमने सा मासूम ही तो लगता है।

Tuesday, December 22, 2009

अब ईश्‍वर नहीं पहले की तरह उदार...


क्‍या बुरा था...भयानक ठंड और गाढ़े कोहरे के बीच, हाईवे पर हर रात सैकड़ों किलोमीटर गाड़ी चला सकने का जुनून...।
और, निहायत यूं ही सी एक छोटी सड़क आत्‍मविश्‍वास को पानी कर देती है...।
मित्र नहीं होते प्रतिभाओं और पागलों के...
अनसुना करते हुए एक बांई हथेली की अभ्‍यस्‍त जकड़ बताती है-सड़क हमेशा देखभाल कर पार करनी चाहिए...
अभिनय का अभ्‍यास उसे खूब था।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,

आदत, देर नहीं लगाती, उंगली से दामन तक आने में.., फिर डर लगने लगता है हाईवे की भीड़ से।
अब कभी अकेले सड़क पार नहीं हो पाएगी...बुरा किया, आदत डाल ली...।
उड़ान भरो, ओ मेरे युवा बाज..
कहां गई उड़ान...कहां,
सड़क पर सारे लोग जैसे मार डालने के लिए ही तो उतरे हैं,
सांस ऐसे फूलती है जैसे पानी बस, डुबो ही लेगा,,,
अब ईश्‍वर नहीं रहा पहले की तरह उदार..
................................................................................................................................

सही कहा-प्रेम से अधिक, अप्रेम पर होता है आश्‍चर्य
अब मेरा घर और दफ़तर सड़क के एक ही तरफ़ है
सड़क पार न करने का विवशता नहीं, बस भय है
हाईवे के फि़तूर हवा हुए भी वक्‍़त हो चला....
हवाओं का क्‍या है...गूंजता रहे
मरीना, मुझे प्‍यार करती हो न...
बहुत।
सदा करती रहोगी...
हां।







................................................................................................................................

बोल्‍ड की गई लाइनें और शीर्षक आएंगे दिन कविताओं के / मरीना स्विताएवा, से। अनुवाद वरियाम सिंह का।

Wednesday, December 16, 2009

तुम सुधर नहीं सकतीं सिंड्रेला...


सर्दी बढ़ रही है...सुधर जाओ सिंड्रेला।
ज़रा ख़याल करो।
अपने पांव देखो...कितने खुरदरे और रूखे हैं,जैसे कभी कोमल थे ही नहीं।
कब तक राजकुमार पर बोझ बनी रहोगी...?
खिड़की पर सिर टिकाए, राह देखोगी कि वह आकर तुम्‍हारा हाल पूछे...?
बहुत समय बीता  उस बात को , जब उसने कांच के नाजु़क सैंडल लेकर लोगों को तुम्‍हारी तलाश में दौड़ा दिया था। 
मत सोचो कि वो सिर्फ तुम्‍हारे लिए बने थे, इत्‍तेफा़क़ भी तो हो सकता है, उनके नाप का सही होना।
चलो मान लिया, राजकुमार ने तुम्‍हें पांव ज़मीन पर न रखने की ताक़ीद की थी...
पर ये तो नहीं कहा था कि ज़मीन और पांव के बीच की सारी तकलीफों की किताब उसे ही पढ़नी होगी हमेशा...।
क्‍या ये याद रखना बहुत मुश्किल है कि पांव तुम्‍हारे हैं, इसलिए उनकी फटी बिवाइयों का दुख भी तुम्‍हें ही जानना चाहिए....।
जाओ सिंड्रेला अपने लिए एक जोड़ी जूते खरीद लो, राजकुमार के पास कुछ और नहीं है तुम्‍हारे लिए, और यूं भी नंगे पांव रहना, तुम्‍हें शोभता है क्‍या...? 
सिंड्रेला, इस बात का भी अब कोई भरोसा है क्‍या... कि राजकुमार के पास तुम्‍हारे साथ नाच लेने का वक्‍़त होगा ही।

सुनो, हो सके तो सीख लो, सर्दी को सहना, यही दरअसल सर्द नज़र को सीख लेने का पहला सबक़ है।
लेकिन मुझे पता है, तुमसे कुछ भी नहीं होगा....तुम सुधर नहीं सकतीं सिंड्रेला... क्‍या अब भी नहीं!

Monday, December 14, 2009

Go to the desrt and shout,


Who is indeed that I can say hello to? Mrs. Principal is dead, Haj Esmail is missing, my only daughter has fallen into the claws of a wolf....The cat died, coal tongs fell on the spider, and the spider died too...And now, what a snow is falling! Whenever it snows I get so depressed that I'd like to bang my head against the wall. The health insurance doctor said,'whenever you feel  sad and there's no one you can share your sadness with, talk to yourself loudly.' Meaning that you have to become your own agony aunt. He said,'Go to the desert and shout, swear at anybody you want to...'
*************************************************************************

The health insurance doctor said,'swear loudly at anybody you want to, so that your head cools off.' And now my mouth is always full of curses. God only knows that i used to be a romantic; I used to like steams and trees and meadows and the moon in the sky.
*************************************************************************


अवसाद और  अकेलेपन से मुक्ति पाने के लिए वह निटिंग करती है...लेकिन कितनी बार उधेड़ना और बुनना, इस मर्ज की  दवा हो सकता है..।.बे यारो-मददगार, एक औरत का होना और उस होने की यंत्रणा हर भाषा और हर मुल्‍क में लगभग एक जैसा ही क्‍यों है...। ईरानी लेखक Simin Daneshvar की शॉर्ट स्‍टोरी To Whom shall I say Hello? को पढ़ने के बाद इस अकेलेपन को और ज्‍़यादा गहराई से महसूस करते हुए ऊपर कॉपी किया कुछ लाइनों को।


;फोटो गूगल से।